इंदौर (21 जून 26)। केंद्रीय मंत्री आवास एवं शहरी कार्य मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विरासत से विकास की प्रेरणा दी है और इसी को ध्येय बनाकर मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। हमारी सांस्कृतिक विरासत के बिना हमारा गौरव शून्य हो जाएगा। उज्जैन देशभर में आस्था का प्रमुख केंद्र बनें, इसके लिए कार्य जारी है। प्रधानमंत्री मोदी ने काशी में विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर और केदारनाथ धाम में विकास को नई दिशा दी है। देश में प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्य काल में कई अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। भारत ने आज दुनिया के देशों को नेतृत्व दिया है। देश में गरीब-जरूरतमंदों को नि:शुल्क आवास, राशन और गैस कनेक्शन दिए गए हैं। विगत 12 सालों में भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंदौर, उज्जैन और सांवेर सहित अन्य शहरों को 5 हजार 657 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। यह प्रदेश की जनता के लिए ऐतिहासिक क्षण है। इंदौर के पितेृश्वर महादेव से बाबा महाकल तक आने के लिए सीधी सड़क का भूमि-पूजन हुआ है। यह परियोजना पीथमपुर को निमाड़ क्षेत्र में आगे दिल्ली-मुंबई इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़ेगा और क्षेत्र के लिए आर्थिक समृद्धि का अहम मार्ग बनेगा। राज्य सरकार ने किसानों की मांग पर इसकी ऊंचाई कम की है, जिससे किसानों को भी आवागमन में लाभ मिलेगा। प्राचीन काल में इस मार्ग से वर्षभर साधु-संत और श्रद्धालु पैदल यात्रा करते थे। ग्रीन फील्ड कॉरीडोर उज्जैन-सांवेर-इंदौर क्षेत्र के विकास का नया पर्याय बनेगा। यह परियोजना सिंहस्थ के दृष्टिगत प्रदेश को बड़ी सौगात है। करीब 48 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन ग्रीन फील्ड कॉरिडोर का निर्माण लगभग 2 हजार 935 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय शहरी विकास एवं आवास मंत्री मनोहरलाल खट्टर के साथ सांवेर विधानसभा क्षेत्र के चंद्रावतीगंज में शनिवार को इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरीडोर का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री खट्टर ने विभिन्न योजना के हितग्राहियों को हितलाभ और सड़क सुरक्षा के मद्देनजर हेलमेट वितरित किए।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास कैलाश विजयवर्गीय, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, उज्जैन-आलोट सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेश नाथ, राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार, विधायक मधु वर्मा, विधायक मनोज पटेल, उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।