लखनऊ (18 अगस्त 26)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोगों का स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए दावा किया कि विदेशी उत्पादों के बदले चुकाये गये धन का एक हिस्सा भारत के खिलाफ आतंकवाद भड़काने में किया जाता है। आदित्यनाथ ने लोकभवन में 'सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी' के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता प्रतिक्रिया प्रणाली का उद्घाटन करने के बाद अपने सम्बोधन में कहा कि राज्य सरकार की 'एक जिला—एक उत्पाद' योजना के तहत स्वदेशी उत्पाद रखकर होली-दीवाली समेत विभिन्न त्योहारों पर भी स्थानीय उत्पाद को प्राथमिकता दें तो स्थानीय कारीगर, हस्तशिल्पी भी प्रोत्साहित होगा, साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक उन्होंने कहा, ''जब हमारा धन विदेशों में जाता है तो उसका एक हिस्सा हमारे खिलाफ ही आतंकवाद को भड़काने और भारत को अस्थिर करने में खर्च होता है।'' आदित्यनाथ ने अपील की कि स्वदेशी को प्राथमिकता दी जाए, 'लोकल को ग्लोबल' बनाने की दिशा में प्रयास करें और यह अभियान गांव में भी प्रारंभ हो सकता है। उन्होंने राज्य की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले सपा के नेता और कार्यकर्ता गरीब लोगों का राशन कार्ड हड़प लेते थे। मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, ''2017 के पहले सपाई गरीब का राशन कार्ड अपने घर में रख लेता था, जिससे वह भूख से मरता था परंतु अब ऐसी स्थिति नहीं है।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के जरिए प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को लगातार निःशुल्क राशन मिल रहा है और निराश्रितों एवं दिव्यांगों का राशन घर तक पहुंचाने की व्यवस्था हो रही है।