लखनऊ (18 दिसंबर 24)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को यूपी विधानसभा के घेराव का ऐलान किया था। जिसके लिए हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कल शाम से ही लखनऊ की ओर कूच कर दिया था। कांग्रेस दफ्तर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे। विधानसभा घेराव में एक कांग्रेस कार्यकर्ता प्रमोद पांडे की प्रदर्शन के दौरान चोट लगने से मौत हो गई है। कार्यकर्ता के शव को सिविल अस्पताल में रखा गया है।
गौरतलब हो कि प्रदर्शन को रोकने के लिए भाजपा सरकार द्वारा नुकीली कीलें लगाई गईं थीं। जिससे चोट लगने की वजह से कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई। प्रमोद पांडे को सिविल अस्पताल में रखा गया है। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ का तांता सिविल अस्पताल पर जुटना शुरू हो गया है। बता दें कि प्रमोद पांडे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गोरखपुर से आया था। कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के तुरंत बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सिविल अस्पताल पहुंचे। अजय राय और ब्रजेश पाठक ने सिविल अस्पताल के डायरेक्टर से बातचीत भी की। वहीं इस पूरी घटना पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का बयान भी सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में तकनीकी पहलू है। मौत की वजह पुलिस-प्रशासन के लोग और पोस्टमार्टम करने वाली टीम बताएगी।