मुंबई (11 जून 24)। कांग्रेस ने कोंकण स्नातक और नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में विधान परिषद चुनावों के लिए उद्धव ठाकरे द्वारा शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवारों की ‘एकतरफा' घोषणा किए जाने पर मंगलवार को नाराजगी जताई और उन्हें वापस लेने की मांग की। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने दावा किया कि गठबंधन सहयोगियों से परामर्श किए बिना ठाकरे ने नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कांग्रेस द्वारा तय किए गए उम्मीदवार का चयन किया।
चार विधान परिषद सीटों- मुंबई स्नातक, कोंकण स्नातक, मुंबई शिक्षक और नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-के लिए द्विवार्षिक चुनाव होने हैं, क्योंकि मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है। इन सीटों के लिए 26 जून को मतदान होगा और एक जुलाई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। पटोले ने संवाददाताओं से कहा, 'उद्धव ठाकरे ने कोंकण स्नातक और नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हमसे कोई विचार-विमर्श किए बिना ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। हमें उम्मीद थी कि (महा विकास आघाडी) घटकों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद ही उम्मीदवारों और सीटों को अंतिम रूप दिया जाएगा।'