हैदराबाद (06 अक्टूबर 25)। मध्य प्रदेश में हाल ही में एक बैठक में पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गोशामहल विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
विधायक द्वारा यह 'टिप्पणी' करने का एक वीडियो कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने के बाद, शनिवार को कुछ लोगों के एक समूह ने शालिबंडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर, सिंह के खिलाफ बीएनएस और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हैदराबाद के गोशामहल से विधायक सिंह हिंदुत्व के समर्थन में अपने तीखे विचारों के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले, उन्हें अगस्त 2022 में इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणियों के लिए गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। सिंह भाजपा विधायक चुने गए थे और उन्होंने इस साल की शुरुआत में भगवा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।