अहमदाबाद (14 जून 25)। देश के सबसे भीषण विमान हादसों में से एक, अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के क्रैश के बाद जहाँ पूरा देश शोक में डूबा है, वहीं मलबे से आस्था का एक ऐसा चमत्कार सामने आया जिसने लोगों को भावुक कर दिया। हादसे में 242 लोगों की मौत के बीच, बचाव दल को विमान के जले हुए टुकड़ों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के बालरूप लड्डू गोपाल की एक मूर्ति पूरी तरह सुरक्षित हालत में मिली।
वीडियो देखने के बाद लोगों का कहना है, "भगवान ने खुद को तो बचा लिया, काश वो इन मासूम लोगों को भी बचा लेते।" कुछ लोग इसे आस्था की जीत मान रहे हैं, तो कुछ इसे मानव जीवन की नश्वरता की याद। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक बचावकर्मी ने मलबे से बाल गोपाल की प्रतिमा को निकाला। यह मूर्ति न केवल पूरी तरह सुरक्षित थी, बल्कि उसके आसपास के हिस्सों में भारी तबाही के बावजूद, उस पर एक खरोंच तक नहीं आई। ऐसा माना जा रहा है कि किसी यात्री ने यह मूर्ति अपने साथ रखी थी। इससे पहले भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें बताया गया था कि क्रैश के दौरान जलते विमान के अंदर भगवद् गीता की एक प्रति भी मलबे से सही-सलामत मिली थी। किताब के शुरुआती कुछ पन्ने जरूर थोड़े जले थे, लेकिन भीतर के पृष्ठ और भगवान श्रीकृष्ण की छवि सुरक्षित रही।