नईदिल्ली (12 जून 25)। गुरुवार दोपहर को भारत ने एक गंभीर और हृदय विदारक विमान दुर्घटना का सामना किया, जब एअर इंडिया की लंदन जा रही उड़ान (AI-171), अहमदाबाद हवाई अड्डे से टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान के मेघाणी नगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। विमान के मलबे से निकाले जा रहे घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे को 'हृदय विदारक आपदा' करार देते हुए, सभी प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पूर्व में ट्विटर पर पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति ने लिखा: 'यह एक अत्यंत दुखद विमान दुर्घटना है। इस हृदय विदारक आपदा में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरी संवेदना प्रकट की है। गृह मंत्री अमित शाह हादसे पर दुःख जताया है।
इस दुर्घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। वहीं एअर इंडिया ने यात्रियों के परिजनों के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर - 1800 5691 444 जारी किया है। टाटा समूह और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने भी कहा कि एयरलाइन सभी प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।