इंदौर (18 जनवरी 26)। रविवार को होलकर स्टेडियम में भारत न्यूजीलैंड के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टिकट बिकने की अफवाहों के चलते स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी और टिकटों की मारामारी लगातार बनी हुई है। 3 जनवरी को जैसे ही ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से टिकटों की बिक्री शुरू हुई, पलक झपकते ही सभी टिकट सोल्ड आउट हो गए। टिकटों की रिकॉर्ड मांग के पीछे भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा की मौजूदगी को सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। कई प्रशंसकों का कहना है कि इंदौर में विराट कोहली और रोहित शर्मा को खेलते देखने का यह आखिरी मौका भी हो सकता है, इसी वजह से लोग किसी भी कीमत पर टिकट हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
ऑनलाइन टिकट समाप्त होने के बाद ऑफलाइन टिकट मिलने की अफवाहों ने भीड़ को बढ़ा दिया। दिनभर प्रशंसक होलकर स्टेडियम के बाहर टिकट की जानकारी के लिए चक्कर लगाते रहे, लेकिन अधिकांश को निराश होकर लौटना पड़ा। इस बीच टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग की खबरों ने भी जोर पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार, ब्लैक मार्केट में टिकटों के दाम वास्तविक कीमत से 8 से 10 गुना तक वसूले जा रहे हैं। 1200 रुपये मूल्य वाले टिकटों के लिए 8 से 10 हजार रुपये तक मांगे जा रहे हैं, जबकि 5000 रुपये कीमत वाले पवेलियन टिकट 16 हजार से लेकर 20 हजार रुपये से अधिक में बेचे जाने की चर्चाएं हैं।
वहीं, स्टेडियम में तैनात एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पिछले तीन दिनों से मेरी ड्यूटी होलकर स्टेडियम परिसर में लगी हुई है। उनके अनुसार, मौके पर किसी तरह की ब्लैक टिकटिंग होते हुए नहीं पाई गई है, हालांकि टिकटों की जानकारी के लिए बड़ी संख्या में लोग लगातार स्टेडियम के चक्कर जरूर काट रहे हैं। मैच के दिन होलकर स्टेडियम के पूरी तरह हाउसफुल रहने की पूरी संभावना जताई जा रही है। लगभग 27 हजार दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में एक भी सीट खाली रहने की उम्मीद नहीं है। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।