ग्वालियर (15 दिसंबर 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व की पहली नदी जोड़ो परियोजना आकार लेने जा रही है। यह उनके द्वारा देश को दी गई एक बड़ी सौगात है, सौभाग्य है कि इससे मध्यप्रदेश लाभान्वित होगा और ग्वालियर अंचल को एक नहीं दो-दो परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। केन-बेतवा लिंक परियोजना का अनुमानित बजट एक लाख करोड़ रुपए है। इसके साथ ही पावर्ती-काली-सिंध-चंबल लिंक परियोजना का भी क्रियान्व्यन आरंभ हो रहा है। शिवपुरी एक मात्र ऐसा जिला होगा, जो इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से लाभन्वित होगा। प्रधानमंत्री मोदी के इस आशीर्वाद से आने वाली पीढ़ी मध्यप्रदेश की प्रगति और उन्नति का एक नया इतिहास रचेगी और मध्यप्रदेश एक आदर्श राज्य के रूप में आकार लेगा। इससे बुंदेलखण्ड क्षेत्र के साढ़े आठ लाख निवासी लाभान्वित होंगे। लॉर्ड मैकाले द्वारा लागू शिक्षा व्यवस्था के परिणाम स्वरूप विद्यार्थियों का सम्पूर्ण मनोविकास बाधित रहा। नई शिक्षा नीति ने ज्ञानार्जन की जिज्ञासा का समाधान करते हुए छात्र-छात्राओं के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान किए हैं। विद्यार्थियों में जिज्ञासा के भाव को बनाए रखने और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों की नवीनतम जानकारियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ही युवा संवाद कार्यक्रम आरंभ किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राष्ट्रीय कंवेंशन सेंटर में जीवाजी विश्वविद्यालय के 'युवा संवाद' कार्यक्रम में विद्यार्थियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने विद्यार्थियों की कई जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उनसे विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की। कार्यक्रम में ग्वालियर के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद भारतसिंह कुशवाह, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। प्रारंभ में अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने युवा संवाद कार्यक्रम में हुई गतिविधियों की जानकारी दी।