रांची (29 जून 24)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को भाजपा पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का राज्य से सफाया हो जाएगा। अपने आवास पर झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा कि उन्हें जेल में बंद करने की साजिश रचने वालों के खिलाफ विद्रोह होगा और झारखंड के लोग भाजपा को नहीं बख्शेंगे।
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का समय आ गया है। आने वाले दिनों में झारखंड से भाजपा का सफाया हो जाएगा।'' धन शोधन के एक मामले में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के बाद सोरेन को शुक्रवार को बिरसा मुंडा जेल से रिहा किया गया। अदालत ने कहा है कि प्रथम दृष्टया, हेमंत दोषी नहीं हैं और जमानत पर रिहाई के दौरान याचिकाकर्ता द्वारा कोई अपराध किए जाने की कोई आशंका नहीं है। झामुमो नेता को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 8.36 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था।