बेंगलुरु (08 जनवरी 25)। वरिष्ठ अंतरिक्ष विज्ञानी और क्रायोजनिक इंजन के विशेषज्ञ वी. नारायणन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नए अध्यक्ष होंगे। नारायणन इसरो के मौजूदा प्रमुख एस. सोमनाथ का स्थान लेंगे। सोमनाथ 14 जनवरी को दो साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सेवानिवृत्त हो जाएंगे। सोमनाथ ने 14 जनवरी 2022 को इसरो अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव का पदभार संभाला था। नारायणन अभी तमिलनाडु के महेंद्रगिरि में स्थित इसरो के तरल प्रणोदन केंद्र (एलपीएससी) के निदेशक हैं। मंगलवार देर शाम जारी आदेश के मुताबिक नारायणन की इस पद पर नियुक्ति आगामी 14 जनवरी से दो साल या अगले आदेश तक प्रभावी होगी।