Monday, 28 Sep 2026

वेदांता ग्रुप के चेयरमैन के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का निधन

न्यूयॉर्क (08 जनवरी 26)। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन और देश के जाने-माने उद्योगपति अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का निधन हो गया है। वह 49 साल के थे। उनका इलाज अमेरिका में चल रहा था, जहां अचानक कार्डियक अरेस्ट आने से उनका देहांत हो गया। इस दुखद खबर की जानकारी खुद अनिल अग्रवाल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने इस दिन को अपनी जिंदगी का सबसे बुरा दिन बताया।

अनिल अग्रवाल ने बताया कि कुछ समय पहले अग्निवेश अमेरिका में स्कीइंग के दौरान एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क के माउंट साइनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने लिखा कि इलाज के दौरान अग्निवेश की हालत में सुधार हो रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वे ठीक हो जाएंगे लेकिन अचानक आए कार्डियक अरेस्ट ने सब कुछ छीन लिया। अनिल अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में दिल को छू लेने वाले शब्द लिखे। उन्होंने कहा: 'एक पिता के लिए अपने बेटे को विदा करना असहनीय होता है। यह ऐसा दुख है जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। एक बेटा अपने पिता से पहले नहीं जाना चाहिए।' उन्होंने आगे लिखा, 'यह क्षति हमें पूरी तरह तोड़ चुकी है। हम अब भी समझने की कोशिश कर रहे हैं कि यह हमारे साथ कैसे हुआ। अग्निवेश सिर्फ मेरे बेटे नहीं थे, वे मेरे दोस्त थे। वे मेरा गर्व थे, मेरी पूरी दुनिया थे। उन्होंने कहा कि मैं और किरण (उनकी पत्नी) पूरी तरह टूट चुके हैं। अपने दुख के बीच अनिल अग्रवाल ने वेदांता समूह से जुड़े लोगों की भी बात की। उन्होंने कहा, 'हम खुद को यह याद दिलाते हैं कि वेदांता में काम करने वाले हजारों युवा भी हमारे ही बच्चे हैं।' उन्होंने बताया कि अग्निवेश को आत्मनिर्भर भारत पर पूरा विश्वास था। उनका मानना था कि: भारत में किसी चीज की कमी नहीं है, देश में अपार क्षमता और प्रतिभा मौजूद है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!