मंदसौर (01 जनवरी 26)। मंदसौर में व्यापारिक लेन-देन में विवाद बढ़ने पर तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। यह घटना गोल चौराहा इलाके की है। मृतकों की पहचान सराफा व्यापारी दिलीप जैन, उनकी पत्नी रेखा जैन और विकास सोनी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार मीणा और एडिशनल एसपी टीएस बघेल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक दिलीप जैन व्यापारियों का सोना लेकर जेवर बनाने का काम करते थे। मंदसौर और आसपास के कई व्यापारियों का कई किलो सोना उनके पास होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीसरा मृतक विकास सोनी, दिलीप जैन के घर पहुंचा था। उस समय दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा घर में मौजूद थे। रात करीब साढ़े 8 बजे घर के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि घटनास्थल से पति-पत्नी समेत तीनों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से एक पिस्टल और एक चाकू भी जब्त किया गया है। तीनों शवों को जिला अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस व्यापारिक लेन-देन सहित सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।