Monday, 28 Sep 2026

शतक ठोकने वाले वैभव को मिली मर्सिडीज

जयपुर (01 मई 25)। IPL 2025 में एक नया नाम क्रिकेट प्रेमियों की जुबान पर छा गया है- वैभव सूर्यवंशी, जिसने ना सिर्फ मैदान पर इतिहास रच दिया, बल्कि एक ऐसा इनाम भी हासिल किया, जिसकी कल्पना शायद खुद उसने भी नहीं की होगी। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए महज़ 14 साल की उम्र में शतक जड़ने वाले इस युवा खिलाड़ी को टीम के मालिक रंजीत बारठाकुर ने इनाम स्वरूप मर्सिडीज-बेंज कार गिफ्ट की है।

मैच के बाद की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें रंजीत बारठाकुर वैभव को मर्सिडीज की चाबी सौंपते नजर आ रहे हैं। हालांकि कार का सटीक मॉडल अब तक सामने नहीं आया है, लेकिन गाड़ी की चमक और वैभव की मुस्कान दोनों ही सोशल मीडिया पर दिल जीत रहे हैं। वैभव की उम्र अभी 14 साल है, और इस उम्र में भारत में गाड़ी चलाना कानूनी तौर पर मना है। लेकिन ये इनाम प्रतीक है, उस असाधारण टैलेंट और मेहनत का, जो उन्होंने मैदान पर दिखाया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव ने केवल 35 गेंदों में शतक जड़कर सबको चौंका दिया। वह टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मनीष पांडे, ऋषभ पंत, और देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ियों को उम्र के लिहाज़ से पीछे छोड़ दिया है।

वैभव का यह शतक आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक बन गया है- उनसे तेज शतक सिर्फ क्रिस गेल ने लगाया था (30 गेंदों में)। इसके अलावा, उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो पहले यूसुफ पठान के नाम था (37 गेंदों में शतक)। वैभव को मर्सिडीज देने वाले रंजीत बारठाकुर असम के जोरहाट से हैं और एक सफल बिजनेसमैन हैं। वह रॉयल मल्टीस्पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन भी हैं, जो राजस्थान रॉयल्स टीम का संचालन करता है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!