Sunday, 27 Sep 2026

शरीर को स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी: सीएम

उज्जैन (28 सितंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि परमात्मा की कृपा से हमारा शरीर स्वयं में एक लघु ब्रह्मांड के रूप में है। माँ के गर्भ से आने के बाद हमारा शरीर पल-पल बदलता रहता है। शरीर की यही विशेषता है कि हम केवल आंखों से ही नहीं, बल्कि शरीर के विभिन्न अंगों और स्पर्श के माध्यम से भी चीजों को अनुभव कर पहचान सकते है। शरीर को स्वस्थ एवं निरोग रखने में नियमित व्यायाम और योग का विशेष महत्व है। डॉ. यादव रविवार को दशहरा मैदान पर आयोजित पंख मैराथन दौड़ के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने मंच पर स्वयं योगासन भी किए और उपस्थित प्रतिभागियों एवं योग साधकों का उत्साहवर्धन किया। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार उज्जैन में भगवान महाकाल विराजमान हैं, उसी प्रकार हमारे शरीर में भी एक महाकाल का वास है। बाबा महाकाल को जानने और अनुभव करने के लिए हमें अपने भीतर की यात्रा करनी होगी। मैराथन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच पर विभिन्न योगासन कर उपस्थित जनों को आश्चर्यचकित कर दिया। इस अवसर पर 70 से 80 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष और महिला व बालिका योग साधकों ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष योगासन एवं सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने योग साधकों की सराहना करते हुए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। मैराथन के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छोटे बच्चों एवं धावकों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उपस्थित जनों का हाथ हिलाकर अभिवादन भी स्वीकार किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, बच्चे, बुजुर्ग एवं महिला-पुरुष धावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Tags:

Follow us

This question is not available..!