इंदौर (20 अक्टूबर 24)। रविवार को कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं महापौर तथा एआईसीटीएसएल बोर्ड के अध्यक्ष पुष्यमित्र भार्गव ने अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड परिसर से 'इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस' का ट्रायल रन प्रारंभ किया। यह बस आगामी एक माह तक फिजीबिलिटी टेस्ट हेतु ट्रायल रन पर शहर के विभिन्न मार्गों पर संचालित की जाएगी। मुंबई से स्विच मोबिलिटी के माध्यम से शहर पहुंची इस बस की लंबाई 9.7 मीटर, चौड़ाई 2.6 मीटर, ऊंचाई 4.7 मीटर के साथ क्षमता 63 यात्री सीटों की है (नीचे 29 सीटें एवं ऊपर 36 सीटें हैं) । एक बार में फुल चार्ज होने पर यह बस लगभग 160 किमी. चलती है। सभी अतिथियों ने इस बस में एआईसीटीएसएल कार्यालय से शिवाजी वाटिका होते हुए एग्रीकल्चर कॉलेज से पिपल्याहाना चौराहा होते हुए पुनः शिवाजी वाटिका से गीता भवन होते हुए एआईसीटीएसएल तक सफर किया। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, महापौर परिषद सदस्य मनीष शर्मा, निरंजनसिंह चौहान, अभिषेक शर्मा, नंदकिशोर पहाड़िया, राजेश उदावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित रहे।