Saturday, 03 Oct 2026

शहीद के घर पहुंचे राजनाथ, कहा- देश आपका कर्जदार

लखनऊ (12 अप्रैल 26)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शहीद हुए जवान सुनील कुमार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने शहीद की पत्नी सुजाता कुमारी, पुत्र सौरभ और शिवेश समेत परिवार के अन्य सदस्यों का हालचाल जाना।

राजनाथ सिंह ने शहीद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। अपने आवास कालिदास मार्ग पर रक्षा मंत्री ने विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी भेंट की। प्रतिनिधियों ने लखनऊ में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और महासचिव घनश्याम दास अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा महानगर इकाई के पदाधिकारियों और नवनियुक्त पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने भी रक्षा मंत्री से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। 

इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का भी दौरा किया। उन्होंने विधानसभा परिसर में बने ऑडियो-विजुअल संग्रहालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं और इतिहास को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और जन-जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को बधाई दी। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि वे इस संग्रहालय का भ्रमण कर राज्य की समृद्ध विरासत को समझें।

Tags:

Follow us

This question is not available..!