मुंबई (18 जून 25)। अहमदाबाद में 12 जून को हुए भीषण विमान हादसे में अपनी जान गंवाने वाले एयर इंडिया के वरिष्ठ पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल का पार्थिव शरीर आज मुंबई लाया गया और उन्हें नम आँखों से अंतिम विदाई दी गई। पवई के निवासी कैप्टन सभरवाल का पार्थिव शरीर डीएनए पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके आवास जलवायु विहार पहुँचा, जहाँ परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कैप्टन सुमित सभरवाल, जिन्होंने कथित तौर पर मेघानी नगर की कई जिंदगियां बचाने का प्रयास किया था उनका अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह 10 बजे चकला श्मशान घाट पर हुआ।।
इस दुखद घड़ी में कैप्टन सभरवाल को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके परिवारजन, मित्र, सहकर्मी, एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद थे। सोसायटी के निवासियों ने भी इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़े होकर अपनी संवेदनाएं और सहयोग व्यक्त किया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कैप्टन सभरवाल को एक बेहद जिम्मेदार, अनुभवी और समर्पित पायलट के रूप में याद किया गया। उन्होंने अपने पेशेवर जीवन में अनुशासन, साहस और उत्कृष्ट सेवा की एक मिसाल कायम की थी। सहकर्मियों ने उन्हें एक प्रेरणादायक और मददगार व्यक्ति बताया वहीं परिजनों ने कहा कि वह न केवल पेशेवर रूप से सफल थे बल्कि निजी जीवन में भी अत्यंत संवेदनशील और सहयोगी स्वभाव के इंसान थे। पायलट सभरवाल की गुरुवार को अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हुए प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी। रविवार को डीएनए मैच होने के बाद उनका शव परिवार को सौंपा गया था। 88 वर्षीय बुजुर्ग पिता द्वारा अपने 60 वर्षीय बेटे को हाथ जोड़कर दी गई अंतिम विदाई ने हर किसी की आँखों को नम कर दिया। यह दृश्य हर देखने वाले के दिल को छू गया।