Tuesday, 29 Sep 2026

शाही मस्जिद: तनाव के बीच पुलिस की सख्ती

उज्जैन (29 सितंबर 26)। दो दिन की गहमागहमी के बाद रविवार देर रात मुस्लिम समाजजनों द्वारा छत्रीचौक स्थित शाही मस्जिद के हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए तोड़ने की सहमति दे दी गई थी। सोमवार सुबह समाजजनों ने अपने ही हाथों से मस्जिद के हिस्से को तोड़ना शुरू कर दिया था। इस बीच आसपास की गलियों से छत्रीचौक की ओर आने वाले लोगों ने बैरिकेड्स तोड़ने के प्रयास के बीच सुरक्षा बलों पर पथराव कर दिया। जवाब में सुरक्षाबलों ने पहले लाठी भांजी और फिर अश्रुगैस के गोले छोड़े। घटना में एक महिला टीआई घायल भी हुई है। शाम तक शहर की स्थिति पूरी तरह से सामान्य और नियंत्रित थी।

रविवार की रात को ही छत्रीचौक स्थित शाही मस्जिद का मसला हल हो गया था। इसके बाद सोमवार सुबह मुस्लिम समाज के लोगों ने ही मस्जिद के चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को तोड़ना शुरू किया। भारी पुलिस बल तैनात रहा और आसपास के सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। इसी बीच मुुस्लिम समुदाय के दूसरे गुट ने मस्जिद से कुछ ही दूरी पर टंकी चौक की आसपास की गलियों से निकलकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी और आंसू गैस के गोले दागे। सोमवार को दिन में दो बार यह घटनाक्रम हुआ। दोपहर बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। इस बीच मस्जिद की तुड़ाई का काम चलता रहा। दोपहर को कुछ लोगों ने मिर्जा नईम बेग मार्ग स्थित शहर काजी  खलीकुर्रेहमान के घर  पर प्रदर्शन कर पथराव किया। यहां भी सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज करना पड़ा।  छत्रीचौक से भीड़ को हटाने के प्रयास में जुटी क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल पथराव में घायल हो गईं।

पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों पर एफआईआर की है। इनमें 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। इन पर माहौल बिगाड़ने का आरोप है। हालांकि अभी इनकी गिरफ्तारी की जानकारी नहीं मिली है। बाहर से आए 5 लोग गिरफ्तार हुए हैं। उज्जैन में फिलहाल स्थिति शांत है। कुछ बाजारों में दुकानें बंद हैं। संवेदनशील इलाकों में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी हालात पर नजर बनाए हैं। उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से हटाने की कार्रवाई के बीच सोमवार शाम करीब 4 बजे एडीजी उपेंद्र जैन मौके पर पहुंचे।  उन्होंने आईजी राकेश गुप्ता और एसपी प्रदीप शर्मा से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।  उज्जैन में मुस्लिम समाज के लोग खुद मस्जिद के उस हिस्से को हटा रहे हैं, जो सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहा है।

शाही मस्जिद के आसपास सभी प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। छत्री चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास का बाजार पूरी तरह बंद रहे। वहीं शहर के अन्य स्कूलों में घटना की सूचना पहुंचने के बाद अफरा-तफरी मची हुई थी। अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल की ओर दौड़ पड़े। छत्री चौक पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य पर निगरानी रखने के लिए संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक  प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा लगातार टीम के साथ मौके पर मौजूद है।

सिंहस्थ प्रोजेक्ट के तहत उज्जैन में कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक डेढ़ किमी क्षेत्र की सड़क 15 मीटर चौड़ी की जाएगी। इसके लिए 323 मकान तोड़े जाएंगे। इनमें 15 धर्मस्थल हैं। अब तक 12 धर्मस्थल हटाए जा चुके हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!