Thursday, 01 Oct 2026

शाह 'विपक्षी दलों को तोड़ने में व्यस्त: कांग्रेस

नईदिल्ली (13 जून 26)। कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लोकसभा में भाजपा के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश करने का शुक्रवार को आरोप लगाया और कहा कि वह 'लोकतंत्र का पूरी तरह से मजाक उड़ाते हुए' विपक्षी दलों को तोड़ने में व्यस्त हैं लेकिन उनके ''दुर्भावनापूर्ण मंसूबे'' कभी सफल नहीं होंगे।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'इससे पहले कभी किसी ने लोकसभा में अपनी पार्टी के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने की ऐसी कोशिश नहीं की, जैसी केंद्रीय गृह मंत्री इन दिनों संसद के मानसून सत्र से पहले पूरी बेचैनी से कर रहे हैं।' रमेश ने कहा, 'स्वयंभू चाणक्य को 17 अप्रैल, 2026 को अपमानित होना पड़ा था, जब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाई और परिसीमन से जुड़ा खतरनाक संविधान संशोधन विधेयक अच्छे अंतर से खारिज हो गया।' उन्होंने आरोप लगाया कि उस करारी हार से तिलमिलाए हुए शाह अब विपक्षी दलों को तोड़ने और ''लोकतंत्र का मजाक बनाने'' में व्यस्त हैं। रमेश ने कहा, 'लड़ाई जारी है। उनके दुर्भावनापूर्ण मंसूबे सफल नहीं होने चाहिए और सफल नहीं होंगे।' 

रमेश का यह बयान तब आया जब तृणमूल कांग्रेस के बागी नेता जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के बागी सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सोमवार को मुलाकात कर खुद को 'असली तृणमूल कांग्रेस' के तौर पर मान्यता दिये जाने की मांग करेंगे। बसुनिया ने दावा किया कि अभी 19 लोकसभा सदस्य इस गुट का समर्थन कर रहे हैं। कूचबिहार से सांसद और लोकसभा में राजग का समर्थन करने के इच्छुक सांसदों में शामिल बसुनिया ने 'पीटीआई-वीडियो' को बताया कि यह गुट सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात करेगा।





Tags:

Follow us

This question is not available..!