रानीपेट (19 अप्रैल 26)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से उस वक्त झूठ बोला, जब उन दोनों ने दावा किया कि वे महिला आरक्षण विधेयक पारित करने का प्रयास कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि उनके दावे के पीछे देश के चुनावी मानचित्र को बदलने और राज्यों को कमजोर करने का एक 'कुटिल' इरादा छिपा हुआ था। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जो प्रयास किया गया वह 'राष्ट्र-विरोधी कृत्य था और राज्यों के संघ के विरुद्ध था।' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने असम और जम्मू कश्मीर का चुनावी मानचित्र बदल दिया है और उनका इरादा देश के बाकी हिस्सों में भी ऐसा ही करने का है। चेन्नई से लगभग 120 किलोमीटर दूर स्थित उत्तरी तमिलनाडु के रानीपेट शहर में अपनी दूसरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने संविधान संशोधन विधेयक का मुद्दा उठाया, जो शुक्रवार को संसद के निचले सदन में पारित नहीं हो पाया था।
राहुल गांधी ने कहा, 'कल आपने देखा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह संसद में क्या करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने देश से झूठ बोला, उन्होंने कहा कि वे महिलाओं के प्रतिनिधित्व के लिए विधेयक पारित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन उस विधेयक के पीछे एक कुटिल इरादा छिपा हुआ था।' उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह देश का चुनावी मानचित्र बदलना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया, 'वे प्रत्येक राज्य को आवंटित होने वाली सीटों की संख्या बदलना चाहते थे। वे दक्षिण भारतीय राज्यों, पूर्वोत्तर के राज्यों और छोटे राज्यों को कमजोर करना चाहते थे... भाजपा ने कल जो करने की कोशिश की, वह राष्ट्रविरोधी गतिविधि थी और राज्यों के संघ के विरुद्ध थी।' राहुल गांधी ने कहा कि पूरा विपक्ष चट्टान की तरह खड़ा रहा और भाजपा के 'नापाक मंसूबों' को नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा भारत की लोकतांत्रिक नींव पर हमला कर रही है और परिसीमन को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।