Wednesday, 30 Sep 2026

शिकागो जा रही Air India की फ्लाइट को बम से उड़ाने की मिली धमकी

नईदिल्ली (15 अक्टूबर 24)। दिल्ली से शिकागो जा रहे एअर इंडिया के एक विमान को मंगलवार को बम की धमकी के बाद कनाडा के एक हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। एअरलाइन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एअरलाइन ने एक बयान में कहा कि मंगलवार को दिल्ली से शिकागो के लिए उड़ान संख्या एआई 127 ऑनलाइन पोस्ट की गई सुरक्षा धमकी के बाद एहतियात के तौर पर कनाडा के इकालुइट हवाई अड्डे पर उतर गई है। बयान में कहा गया, ‘निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार विमान और यात्रियों की फिर से जांच की जा रही है। एअर इंडिया ने यात्रियों की यात्रा फिर से शुरू होने तक उनकी सहायता के लिए हवाई अड्डे पर एजेंसियों को सक्रिय कर दिया है।' अधिकारी ने बताया कि इस उड़ान में बम रखे होने की धमकी मिली।

इससे पहले एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली जिसके बाद उत्तर प्रदेश के अयोध्या हवाई अड्डे पर उसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान जयपुर से आ रहा था। ‘एअर इंडिया एक्सप्रेस' के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया, ‘कुछ अन्य संचालकों के साथ एअर इंडिया एक्सप्रेस को एक असत्यापित सोशल मीडिया खाते से धमकी मिली। जवाब में, सरकार द्वारा नियुक्त बम के खतरे का आकलन वाली समिति के निर्देशानुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत सक्रिय कर दिए गए। उड़ान सुरक्षित रूप से उतर गई और सभी अनिवार्य सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही विमान को उड़ाने के लिए मंजूरी दी जाएगी।' बोइंग 737-मैक्स 8 विमान में 132 यात्री सवार थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!