Wednesday, 30 Sep 2026

शुद्ध मतदाता सूची बनाना, एसआईआर का उद्देश्य: शुभ्रा सक्सेना

भोपाल (07 नवंबर 25)। भारत निर्वाचन आयोग से आए 2 सदस्यीय दल ने गुरुवार को भोपाल, सीहोर व विदिशा जिले का भ्रमण किया। उन्होंने समीक्षा बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियों व किये जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक सुश्री शुभ्रा सक्सेना ने भोपाल व सीहोर जिले का भ्रमण किया, जबकि सचिव विनोद कुमार ने विदिशा जिले का भ्रमण कर तैयारियों व कार्यों का अवलोकन किया।

भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक सुश्री सक्सेना ने भोपाल व सीहोर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठकर एसआईआर की तैयारियों व प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। निदेशक सुश्री सक्सेना ने कहा कि भोपाल जिले को एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य कर देश में मॉडल प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने कहा कि राजधानी से तैयार किया गया एसआईआर मॉडल पूरे प्रदेश के लिए अनुकरणीय हो, इसके लिए सभी ईआरओ और बीएलओ मैदानी स्तर पर पूरी गंभीरता से कार्य करें। बीएलओ ऐप पर मैपिंग कम होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और बीएलओ से ऑनलाइन डेटा ऐप पर शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को शहरी क्षेत्र में बीएलओ के साथ संयुक्त रूप से एसआईआर का कार्य करने और नगर निगम कार्यालय में हेल्प डेस्क को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए। निदेशक ने सभी ईआरओ को निर्देशित किया कि आगामी 7 दिनों में 2003 की मतदाता सूची से मिलान कर पात्र मतदाताओं की बीएलओ ऐप पर शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित की जाएं। भोपाल के स्लम क्षेत्रों में विशेष कैम्प आयोजित कर एसआईआर के कार्य को गति देने के निर्देश भी दिए गए।

Tags:

Follow us

This question is not available..!