मुंबई (04 दिसंबर 24)। बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने सोमवार को अभिनय से ब्रेक लेने के अपने फैसले के बारे में पोस्ट कर फैंस को बड़ा झटका दे दिया था। हालांकि अब वह अपने बयान से पलट गए हैं। एक्टर ने अपने पोस्ट पर सफाई देते हुए कहा कि वो रिटायर नहीं हो रहे बस कुछ समय का ब्रेक ले रहे हैं। करियर के पीक पर विक्रांत का यह फैसला लोगों को हजम नहीं हो रहा था, ऐसे में दावे किए जा रहे थे कि यह सिर्फ पब्लिक स्टंट है। अब इस नए बयान ने लोगों की बात को सच साबित कर दिया। मंगलवार को, विक्रांत ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि लोगों ने उनकी पोस्ट का गलत मतलब निकाला। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनका इरादा एक्टिंग से संन्यास नहीं बल्कि कुछ समय के लिए ब्रेक लेना था। एक्टर ने अपनी सफाई में कहा- 'मैं अभिनय से ही सब कुछ कर सकता हूं। और इसने मुझे वह सब कुछ दिया है जो मेरे पास है। मेरा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हुआ है। मैं बस कुछ समय के लिए ब्रेक लेना चाहता हूं, अपने काम को बेहतर बनाना चाहता हूं। मेरी पोस्ट का गलत अर्थ निकाला गया है कि मैं अभिनय छोड़ रहा हूं या इससे संन्यास ले रहा हूं। मैं अपने परिवार और स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए कुछ समय के लिए ब्रेक लेना चाहता हूं। जब सही समय आएगा, मैं वापस आ जाऊंगा।'