Thursday, 01 Oct 2026

संसद में बहस से बच रहे कांग्रेस नेता: रविशंकर

नईदिल्ली (07 अगस्त 26)। भारतीय जनता पार्टी (भााजपा) के सांसद रविशंकर प्रसाद ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा मल्लिकार्जुन खरगे पर गृह मंत्री अमित शाह के बारे में झूठी बातें फैलाने तथा संसद में चर्चा से बचने के लिए गतिरोध पैदा करने का आरोप लगाया। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही अवरुद्ध रहने के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री का यह बयान आया।

प्रसाद ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि गृह मंत्री शाह हर दिन संसद में उपलब्ध रहते हैं और अगर सदन की कार्यवाही चलने दी जाए तो वह विपक्ष के आरोपों पर जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी और खरगे जी रोजाना नई कहानी और पोस्टर के साथ आते हैं और मांग करते रहते हैं कि अमित शाह सदन में आएं। गृह मंत्री हर दिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक अपने चैंबर में बैठते हैं।' प्रसाद ने कहा, 'वह इस समय भी यहीं हैं। पहले सदन की कार्यवाही सही तरीके से तो चले और चर्चा हो। चर्चा शुरू होगी तो वह बोलेंगे और जोरदार जवाब देंगे।' पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद को कामकाज करने से रोक रहा है और साथ ही सरकार पर चर्चा से बचने का आरोप भी लगा रहा है। उन्होंने कहा, 'लेकिन आप सदन चलने नहीं देते। आप कोई चर्चा नहीं होने देते। हम सदन में आकर बैठते हैं लेकिन लगातार अवरोध रहता है और कार्यवाही स्थगित हो जाती है।'

प्रसाद ने कहा, 'खरगे जी, राहुल गांधी जी जरा देखिए। वह (शाह) अपने चैंबर में बैठे हैं, आपकी दलीलें सुनने और जवाब देने को तैयार हैं।' भाजपा नेता ने झारखंड में परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए दावा किया कि राज्य सरकार ने कई परीक्षाओं के आयोजन की जिम्मेदारी एक ऐसी कंपनी को दी जिसका नाम काली सूची में था। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी के 'दो चेहरे' हैं। प्रसाद ने कहा, 'अगर वहां नौकरियां बेची जा रही हैं तो राहुल गांधी चुप क्यों हैं? वह इलाहाबाद और अन्य जगहों पर युवाओं से संवाद करने क्यों जा रहे हैं?' प्रसाद ने कहा, 'राहुल गांधी पाखंडी हैं। उनके दो चेहरे हैं। वह यहां कुछ बोलते हैं और वहां चुप हो जाते हैं। देश देख रहा है।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!