Thursday, 01 Oct 2026

संसद में विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा: प्रियंका गांधी

नईदिल्ली (23 जुलाई 26)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मेडिकल में प्रवेश की 'नीट' परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में बुधवार को काले कपड़े पहनकर संसद परिसर पहुंचीं और आरोप लगाया कि संसद में छात्रों के मुद्दे पर चर्चा नहीं होने दी जा रही है तथा 'लोकतंत्र खत्म हो गया है।' प्रियंका गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आधिकारिक आवास, सात लोक कल्याण मार्ग, के बाहर कांग्रेस के धरने का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'इसमें कुछ भी अलोकतांत्रिक नहीं है। अलोकतांत्रिक वह है जो संसद में और सड़कों पर हो रहा है।'

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी सांसद भी बुधवार को काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रियंका गांधी ने कहा, 'संसद में चर्चा नहीं होने दी जा रही है। नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा और न ही अन्य विपक्षी नेताओं को। जब भी वे बोलने के लिए खड़े होते हैं, उन्हें रोक दिया जाता है।' उन्होंने आरोप लगाया, 'लोकसभा अध्यक्ष कहते हैं कि उन्हें सरकार से पूछना होगा कि चर्चा कराई जाए या नहीं। यह क्या है? लोकतंत्र खत्म हो गया है।' मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए कांग्रेस के धरने में बैठे राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया था। इसका उल्लेख करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके साथ क्या हुआ, यह महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा, 'हम छात्रों के साथ खड़े हैं और उनकी आवाज उठा रहे हैं। छात्रों के साथ जो हुआ, क्या वह सही था या गलत? वे सभी युवा छात्र हैं। उनका विरोध प्रदर्शन किसी सामान्य मुद्दे पर नहीं है, बल्कि एक वास्तविक समस्या को लेकर है। देश का हर अभिभावक, हर छात्र और हर शिक्षक जानता है कि यह वास्तविक मुद्दा है।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!