Tuesday, 29 Sep 2026

संस्कार आधारित शिक्षा विकास का आधार: राज्यपाल

भोपाल (04 अगस्त 26)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और संस्कार आधारित शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है। विकसित भारत के लिए गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा अत्यंत ज़रूरत है। युवाओं के लिए कौशल, रोज़गार और संस्कार आधारित शिक्षा समय की माँग है। शिक्षा जगत के मनीषियों को देश के युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण और संस्कार आधारित शिक्षा पर विशेष चिंतन किया जाना चाहिए।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि हर बच्चे के लिए रोजगारपरक शिक्षा सुनिश्चित करना शिक्षा जगत की सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय और शैक्षणिक संस्थानों को अधिक से अधिक रोज़गार और कौशल आधारित पाठ्यक्रमों का संचालन करना चाहिए। विद्यार्थियों के लिए प्लेसमेंट की व्यवस्था बनाये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों की माँग के अनुरूप पाठ्यक्रमों को तैयार करें। शैक्षणिक संस्थान, औद्योगिक संस्थानों और प्रतिष्ठानों से समन्वय करें। और आवश्यकता अनुसार शोध और अनुसंधान कर नये कोर्स डिजाइन करें। राज्यपाल पटेल मंगलवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत ''उभरते ज्ञान क्षेत्र, उन्नत पाठ्यक्रम: दृष्टि, दिशा एवं क्रियान्वयन'' पर एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद थे। राज्यपाल ने कहा कि आज की यह कार्यशाला राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प को गति देने का महत्त्वपूर्ण अवसर है। राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन कर किया। राज्यपाल पटेल का उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने पौधा भेंट कर स्वागत तथा अंगवस्त्रम् और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!