Thursday, 01 Oct 2026

सनातन धर्म ही भारत का राष्ट्रीय धर्म: योगी आदित्यनाथ

अयोध्या (21 दिसंबर 24)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि सनातन धर्म ही भारत का राष्ट्रीय धर्म है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री योगी ने यहां अयोध्या धाम के अशर्फी भवन आश्रम में आयोजित अष्टोत्तरशत 108 श्रीमद्भागवत पाठ और पंच नारायण महायज्ञ में भाग लिया।  उन्होंने कहा, 'सनातन धर्म ही भारत का राष्ट्रीय धर्म है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है।' शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योगी ने कहा कि धर्म और संस्कृति के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और शांति का प्रसार होता है। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मंदिरों पर आक्रमण की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग इन पवित्र स्थलों को नष्ट करने का काम करते थे, उनका कुल और वंश नष्ट हो गया। योगी ने दावा किया, 'औरंगजेब के परिवार के लोग आज रिक्शा चला रहे हैं। यह उनकी दुर्गति है। अगर उन्होंने पुण्य किए होते और मंदिरों को न तोड़ा होता, तो क्या उनकी ऐसी स्थिति होती?' उन्होंने कहा, 'विश्व शांति की स्थापना केवल सनातन धर्म के माध्यम से हो सकती है। यह शाश्वत धर्म है, जो सृष्टि के आरंभ से ही चला आ रहा है। योगी ने कहा कि अगर विश्व मानवता को बचाना है तो सनातन धर्म का सम्मान करना होगा। यह शाश्वत धर्म है, जो सृष्टि के आरंभ से ही चला आ रहा है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत और विकास के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!