Wednesday, 30 Sep 2026

सपा-कांग्रेस ने युवाओं का भविष्य बर्बाद किया: योगी

लखनऊ (26 जुलाई 26)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन पर छात्रों और युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने परीक्षा पेपर लीक और 'नकल माफिया' के खिलाफ कड़े कदम उठाने के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार को श्रेय दिया। योगी ने फतेहपुर जिले में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सपा सरकार ने विकास, किसानों और युवाओं की उपेक्षा की थी।

केंद्र के प्रस्तावित पेपर लीक विरोधी विधेयक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के हालिया फैसलों का स्वागत किया। योगी ने आरोप लगाया कि नकल माफिया कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की विरासत है, जिन्होंने इन तत्वों को पाला-पोसा और संरक्षण दिया तथा आज वे घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, 'नीट प्रश्नपत्र लीक करने के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपने यह भी देखा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के 37 अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उनकी संपत्तियां कुर्क की जाएंगी और उन्हें दंडित किया जाएगा। ये प्रधानमंत्री मोदी द्वारा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए उठाए गए कदम हैं, जिन पर देश का भविष्य निर्भर करता है।'


Tags:

Follow us

This question is not available..!