Thursday, 01 Oct 2026

समान नागरिक संहिता: एक देश-एक विधान-एक निशान

भोपाल (16अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। इससे पहले राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन हुआ। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्र गान जन-गण-मन की धुन बजाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परेड का निरीक्षण किया और परेड सलामी ली। परेड में सशस्त्र दलों ने हर्ष फायर किया और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान जन-गण-मन तथा देश भक्ति गीतों की धुनों से वातावरण में राष्ट्र प्रेम, और समर्पण के भाव का संचार किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा प्रदेशवासियों के नाम संदेश दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को सर्वप्रथम आदरांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वाधीनता के संग्राम में रानी दुर्गावती, रानी अवंती बाई, महाराजा छत्रसाल और टंट्या मामा भील से लेकर शहीद चंद्रशेखर आजाद तक मध्यप्रदेश के अनगिनत वीर सपूतों ने अपनी आहुतियां दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृतज्ञ प्रदेश सभी को श्रद्धापूर्वक नमन करता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की भूमि समानता, समरसता और समभाव की भूमि है। भगवान श्रीराम से लेकर भगवान श्रीकृष्ण तक और संतो से लेकर महापुरूषों तक, सभी ने समानता का संदेश दिया है। संविधान की इसी मूल भावना के अनुरूप, ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता कानून लागू कर रहें हैं। हमने 'एक देश- एक विधान- एक प्रधान- एक निशान' के विचार को धरातल पर उतारकर, सबके लिए एक जैसा कानून लागू कर रहें हैं। समान नागरिक संहिता एक भेदभावपूर्ण व्यवहार को समाप्त कर समरसता का संचार करेगी। यूसीसी महिलाओं को अत्याचार और अन्याय से मुक्ति दिलाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समरसता के संत गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयन्ती का उत्सव प्रदेश में 18 अगस्त से मनाया जाएगा।



Tags:

Follow us

This question is not available..!