नईदिल्ली (19 मई 24)। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय (एमओपीएसडब्ल्यू) ने महिला नाविकों के महत्वपूर्ण योगदान का सम्मान करते हुए नई दिल्ली में समुद्री महिला अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया। इस वर्ष का विषय, 'सुरक्षित क्षितिज: समुद्री सुरक्षा के भविष्य को आकार देने में महिलाएं' है जो समुद्री क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षा के महत्व को रेखांकित करता है।
उत्सव के दौरान, समुद्री क्षेत्र में विभिन्न उंचाई प्राप्त करने वाली विभिन्न समुद्री संस्थानों की 27 महिला नाविकों और क्षेत्र के कुछ पेशेवरों को उनके समर्पण और समुद्री क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए मान्यता प्रदान की गई। ये महिलाएं पारंपरिक रूप से पुरुष-प्रधान क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक शक्ति और लचीलेपन का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं, और उनकी उपलब्धियां समुद्री क्षेत्र में महिलाओं की भावी पीढ़ियों के लिए मार्ग प्रशस्त करती हैं।