Thursday, 01 Oct 2026

सरकार लोगों की नागरिकता छीनने की जमीन तैयार कर रही: कांग्रेस

नईदिल्ली (26 जून 26)। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सरकार पासपोर्ट के नाम पर अब लोगों की नागरिकता छीनने की जमीन तैयार कर रही है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह दावा भी किया कि उन भारतीय नागरिकों को निशाना बनाया जाएगा जो सरकार से वैचारिक और राजनीतिक असहमति रखते हैं।

दरअसल, सरकार के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को कहा कि पासपोर्ट कभी भी नागरिकता का सबूत नहीं रहा है और मोदी सरकार ने पिछले 12 साल में इस दस्तावेज़ को लेकर कोई नया फ़ैसला नहीं लिया है। पासपोर्ट को यात्रा दस्तावेज बताने और नागरिकता का सबूत नहीं होने संबंधी विदेश मंत्रालय के बयान पर मीडिया में आईं खबरों को लेकर सूत्रों ने कहा कि यह कल तय नहीं किया गया है कि पासपोर्ट नागरिकता का सबूत नहीं है।  वेणुगोपाल ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'यह सरकार आम नागरिकों के बीच भय का माहौल पैदा करने में माहिर है। यह कहकर कि पासपोर्ट भी किसी व्यक्ति की नागरिकता का प्रमाण नहीं है, वह उन भारतीय नागरिकों के नागरिक अधिकारों को मनमाने ढंग से नकारने की जमीन तैयार कर रही है, जिनसे उसकी वैचारिक या राजनीतिक असहमति है।' उन्होंने कहा, 'हम भली-भांति जानते हैं कि अपनी राजनीतिक मंशा को पूरा करने के लिए कुछ समुदायों के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के गुप्त प्रयास किए जा रहे हैं।' कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वह दिन दूर नहीं जब यह फासीवादी शासन राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर लोगों की नागरिकता भी छीन लेगा, भले ही उनके पास भारतीय होने का प्रमाण देने वाला पासपोर्ट या कोई अन्य दस्तावेज क्यों न हो। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!