Monday, 28 Sep 2026

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक को लक्ष्य बनाएं: सारंग

भोपाल (15 फरवरी 25)। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शनिवार को अपने निवास पर 38वें नेशनल गेम्स में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से उनके अनुभव साझा किए और उनकी मेहनत, समर्पण और सफलता की सराहना की। 

मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ की कड़ी मेहनत और समर्पण भाव के कारण ही प्रदेश ने 38वें नेशनल गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 82 पदकों के साथ राज्यों की सूची में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं विधायक रमेश मेंदोला, संघ के सचिव दिग्विजय सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अपने खेल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने का संकल्प लें और स्वर्ण पदक हासिल करने को अपना लक्ष्य बनाएं। उन्होंने कहा, आपकी मेहनत, आत्मविश्वास और समर्पण ही आपकी सबसे बड़ी ताकत है। खुद पर विश्वास रखें, हर चुनौती को अवसर में बदलें और विजय के शिखर तक पहुंचें! मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए यह भी कहा कि प्रदेश सरकार हर स्तर पर खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान करने के लिए तत्पर है, जिससे वे अपने खेल कौशल को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

Tags:

Follow us

This question is not available..!