Tuesday, 29 Sep 2026

सर्वसमाज की एकजुटता हमारा लक्ष्य: मुख्यमंत्री

भोपाल (18 अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से सर्वसमाज को एकजुटता के सूत्र में पिरोने का लक्ष्य रखा है। हमें जातिवाद जैसी चुनौतियों से भरे वातावरण में स्वयं के मन में पवित्र भाव जागृत करने और समरसता लाने की आवश्यकता है। देश में समय बदला है अब प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में बने एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि और पंजाब में एयरपोर्ट का नाम संत रविदास महाराज के नाम पर रखा गया है। यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि सागर में 100 करोड़ की लागत से संत रविदास महाराज का भव्य मंदिर और स्मारक बनकर तैयार हो रहा है। बहुत जल्द प्रधानमंत्री मोदी को इस धाम के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया जाएगा। संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष में उज्जैन में उनकी वस्तुओं और शिष्य के समाधि स्थल को संरक्षित करते हुए भव्य गुरुद्वारा निर्माण के लिए भूमि-पूजन किया जाएगा। प्रदेश में जहां रविदास जी के चरण पड़े, उन तीर्थ स्थलों का उन्नयन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मंगलवार को रवींद्र भवन में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का रविन्द्र भवन में शुभारंभ कर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने संत रविदास महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनकी जन्मस्थली काशी से आए कलशों का पूजन किया और संभागीय प्रतिनिधियों को कलशों का वितरण किया। अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान और कलश वंदन यात्रा को प्रदेश में गांव-गांव तक तक ले जाया जाएगा। पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज ने सामाजिक समरसता, मानव कल्याण, धर्मांतरण के विरूद्ध खड़े होने की प्रेरणा दी है। वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि संत रविदास ने कटुता को छोड़कर समाज को समरसता को अपनाने का मंत्र दिया। हमें इस समरसता संकल्प अभियान को जन-जन तक लेकर जाना है। कार्यक्रम में मंत्रिगण, सांसद, विधायक, बड़ी संख्या में संतगण, जनप्रतिनिधि तथा श्रद्धालु उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!