नईदिल्ली (25 मार्च 25)। देश के सांसदों की सैलरी में बढ़ोतरी कर दी गई है। केंद्र सरकार ने संसद सदस्य वेतन, भत्ते और पेंशन अधिनियम, 1954 के तहत वेतन और भत्तों में संशोधन किया है। यह नया वेतनमान 1 अप्रैल 2023 से लागू होगा। इस बढ़ोतरी के पीछे सरकार का तर्क है कि बीते 5 सालों में महंगाई काफी बढ़ी है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सांसदों के वेतन, दैनिक भत्ते और पेंशन में बदलाव किया गया है। मासिक वेतन: पहले सांसदों को1,00,000 रुपए प्रतिमाह मिलते थे, जिसे अब बढ़ाकर1,24,000 रुपए कर दिया गया है। दैनिक भत्ता: पहले यह 2,000 रुपए था, जिसे अब बढ़ाकर 2,500 रुपए कर दिया गया है। पेंशन (पूर्व सांसदों के लिए): पूर्व सांसदों की मासिक पेंशन 25,000 रुपए से बढ़ाकर 31,000 रुपए कर दी गई है। अतिरिक्त पेंशन (5 साल से अधिक सेवा के लिए): यह पहले 2,000 रुपए प्रतिमाह थी, जिसे बढ़ाकर 2,500 रुपए कर दिया गया है।
सरकार का कहना है कि यह बढ़ोतरी महंगाई के असर को देखते हुए की गई है। महंगाई दर और लागत सूचकांक को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव हुआ है। आरबीआई के महंगाई दर के आंकड़ों के आधार पर सांसदों की आर्थिक स्थिति को संतुलित रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।