भोपाल (05 अगस्त 24)। मध्यप्रदेश के सागर ले में दीवार गिरने से नौ बच्चों की मौत के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अब जिला प्रशासन पर एक्शन लिया है। सीएम मोहन यादव ने डीएम, एसपी और रहली के एसडीएम को हटा दिया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शाहपुर नगर पंचायत के मुख्य निगम अधिकारी और उप अभियंता को निलंबित कर दिया है। उन्होंने राज्य भर के नगर निकायों को जर्जर भवनों की पहचान करने और कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। आपको बता दें कि सागर जिले में रविवार को एक जर्जर मकान की दीवार ढह जाने से नौ बच्चों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह घटना रहली विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर गांव में एक मंदिर परिसर के पास एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सुबह साढ़े आठ और नौ बजे के बीच हुई।
सागर के मंडल आयुक्त वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शाहपुर में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान दीवार ढहने की घटना में 10 से 15 साल के नौ बच्चों की मौत हो गई एवं दो अन्य घायल हो गए। रावत ने कहा कि जिला अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। भाजपा के स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने बताया कि जर्जर मकान के पास एक टेंट में 'शिवलिंग निर्माण' कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान दीवार ढह कर टेंट पर गिर गई। उन्होंने बताया कि कई बच्चे टेंट और मलबे के नीचे दब गए। भार्गव ने बताया कि घटना में जान गंवाने वाले कई बच्चे अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे।