भोपाल (01 जून 26)। सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेश के समस्त जिलों एवं इकाइयों में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने हेतु 6 दिवसीय विशेषप्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
उप पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था तरूण नायक ने बताया कि सिंहस्थ-2028 के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से पुलिस लाइन उज्जैन में दिनांक 22 अप्रैलसे 15 मई 2026 तक 'ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स' कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं इकाइयों से चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। अब यही प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जिलों में पुलिस बल को निर्धारित प्रशिक्षण मॉड्यूल के अनुसार प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार 01 जून 2026 से प्रारंभ होकर दिसंबर 2026 तक कुल 20 बैचों में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। प्रत्येक बैच में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, रेडियो शाखा, विशेष शाखा, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों तथा नगर सेना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मिलित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य है कि सिंहस्थ-2028 में ड्यूटी के लिए संभावित शत-प्रतिशत पुलिस बल को समयबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाए, जिससे प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी मेला ड्यूटी की चुनौतियों और जिम्मेदारियों से भली-भांति परिचित हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु प्रत्येक रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक अपने-अपने जोन एवं रेंज के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण करेंगे तथा विभिन्न जिलों में आयोजित प्रशिक्षण सत्रों का शुभारंभ करेंगे। अन्य जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ संबंधित पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक जिले में एक सूबेदार को प्रशिक्षण प्रभारी नियुक्त किया जाएगा, जो पूर्णकालिक रूप से प्रशिक्षण की निगरानी करेंगे। वहीं रक्षित निरीक्षक प्रतिदिन प्रशिक्षण में उपस्थित रहकर प्रशिक्षणार्थियों से फीडबैक प्राप्त करेंगे।