Tuesday, 29 Sep 2026

सिकल सेल प्रबंधन में आयुष दवाइयों का प्रयोग बढ़ायें- राज्यपाल

भोपाल (24 अक्टूबर 24)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल से राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में विभिन्न राज्यों से आये स्वास्थ्य विशेषज्ञों के दल ने राजभवन में सौजन्य भेंट की। राज्यपाल पटेल ने सिकल सेल रोग प्रबंधन के लिए आयुष दवाइयों की उपयोगिता पर जोर दिया। उन्होंने रोगियों की जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की। राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर सिकल सेल प्रबंधन में उनके द्वारा अपनाई गई बेस्ट प्रैक्टिसेज को समझा। उन्होंने सिकल सेल रोग के प्रबंधन में मध्यप्रदेश द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन अंतर्गत 2 दिवसीय कार्यशाला 23-24 अक्टूबर को भोपाल के होटल कोर्टयार्ड मैरियट होटल में आयोजित की गई। कार्यशाला में 17 राज्यों के नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और राज्य के विभिन्न उच्च पदस्थ अधिकारी शामिल हुए। अपर सचिव एवं मिशन निदेशक आराधना पटनायक ने भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की। अपर सचिव पटनायक ने रायसेन जिले में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, ढकना चखना एवं ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का दौरा किया एवं उनकी कार्यविधि को जाना।

कार्यशाला में संयुक्त सचिवनीति सौरभ जैन, निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हर्ष मंगला, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, संदीप यादव एवं मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन-मध्यप्रदेश प्रियंका दास सहित 6 अन्य राज्यों के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन संचालक एवं 17 राज्यों से नोडल अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!