भोपाल (25 दिसंबर 25)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि सिकल सेल रोग से संबंधित मरीजों की नियमित जांच की जाए, उन्हें सिकल सेल कार्ड उपलब्ध कराए जाएँ तथा निरंतर फॉलो-अप के माध्यम से उपचार एवं परामर्श की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सिकल सेल रोग के प्रति व्यापक जन-जागरूकता लाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अभियान चलाकर सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता लाई जा रही है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक देश में एक भी बच्चा आनुवांशिक सिकल सेल रोग से पीड़ित नहीं मिले, इसी उद्देश्य से देशव्यापी अभियान संचालित किया जा रहा है।
राज्यपाल पटेल बुरहानपुर जिले की बोरीबुजुर्ग सीएम राइज स्कूल में बुधवार को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने ग्राम पंचायत दवाटिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से गृह भेंट की। शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम बोरीबुजुर्ग का निरीक्षण किया। बालिकाओं से संवाद किया। कार्यक्रम को सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक मंजू दादू, पंधाना विधायक छाया मोरे ने भी संबोधित किया। राज्यपाल पटेल का ग्राम पंचायत दवाटिया में ग्रामीण संस्कृति की आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल पटेल ने आवास योजना के हितग्राही निहालसिंग किशन के यहां भोजन किया। उन्होंने ज्वार खिचड़ा, गुड़ चूरमा, मक्का की रोटी, उड़द दाल, चवले की भाजी, मिर्ची का ठेसा इत्यादि खाद्य पदार्थों का स्वाद लिया।