न्यूयार्क (24 सितंबर 25)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र में बड़ा दावा करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ 7 महीनों में 7 'अंतहीन' युद्धों को समाप्त कर दिया, जिनमें भारत और पाकिस्तान के बीच का तनाव भी शामिल है। ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, 'सिर्फ 7 महीनों में, मैंने 7 ऐसे युद्ध खत्म किए जिन्हें लोग 'अंतहीन' कहते थे। कुछ युद्ध 31 साल से चल रहे थे, एक तो 36 साल से जारी था। इन सभी में हजारों लोग मारे जा रहे थे।'
ट्रंप ने जिन देशों के बीच शांति स्थापित करने का दावा किया, उनमें ये शामिल हैं- भारत और पाकिस्तान, इज़राइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, अर्मेनिया और अज़रबैजान, कंबोडिया और थाईलैंड, सर्बिया, कांगो और रवांडा। ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि मई 2025 में अमेरिका की मदद से भारत और पाकिस्तान के बीच एक पूर्ण और तत्काल युद्धविराम हुआ था। उनका कहना है कि यह समझौता वॉशिंगटन की मध्यस्थता से हुआ। लेकिन भारत ने इस दावे को कई बार खारिज किया है। भारत का साफ कहना है कि यह सीधे भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के DGMO (डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स) के बीच बातचीत के बाद हुआ समझौता था-इसमें किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं थी। हाल ही में पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने भी इस मुद्दे पर भारत का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'भारत कभी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता के लिए राजी नहीं हुआ। हम तीसरे पक्ष की भूमिका को लेकर खुले हैं, लेकिन भारत हमेशा इसे द्विपक्षीय मामला मानता है।'
ट्रंप ने अपने भाषण में संयुक्त राष्ट्र (UN) की आलोचना भी की। उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुझे ये सब करना पड़ा जबकि ये काम UN का था। लेकिन UN ने कोई मदद नहीं की।' 'मैंने सात युद्ध खत्म किए, हर देश के नेताओं से बात की, लेकिन UN से मुझे एक फोन कॉल तक नहीं आया।' ट्रंप पहले भी कई बार दावा कर चुके हैं कि वे दुनिया में शांति लाने के प्रयासों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं। उन्होंने खास तौर पर भारत-पाकिस्तान, उत्तर कोरिया और मध्य पूर्व के देशों के बीच संबंध सुधारने के प्रयासों का जिक्र किया है।
00000
दशहरा मैदान पर 111 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन
इंदौर (23 सितंबर 25)। दशहरा मैदान पर इस बार भी विजया दशमी पर 2 अक्टूबर को 111 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। समिति सयोजक सत्यनारायण सलवाड़िया और अध्यक्ष दीपक जोशी 'पिंटू' ने बताया कि लालू लाहोरिया, मनोज आर्या, प्रवीण हरगांवकर और मनोज तोमर की टीम पिछले एक पखवाड़े से रामबाग गणेश कॉलोनी में रावण के पुतले का निर्माण कर रही है। बहुत जल्दी रावण के पुतले को दशहरा मैदान पर खड़ा कर दिया जाएगा। रावण दहन के पूर्व प्रताप चौराहा से दशहरा मैदान तक शोभायात्रा निकलती है। उसके बाद आतिशबाजी होती है। खेमा इंडस्ट्रीज बीते 50 वर्षो से नि:शुल्क आतिशबाजी करती आ रही है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते है। सलवाड़िया ने बताया कि दशहरा महोत्सव समिति बीते 50 वर्षो से हर वर्ष विजयादशमी पर रावण के पुतले का दहन करती आ रही है। इंदौर की यह सबसे पुरानी रावण दहन समिति है। इस समिति में पूर्व पार्षद सुरेश मिंडा, नारायण सिंह यादव, प्रहलाद शर्मा, अरुण माहेश्वरी और जितेंद्र रावरिया भी शामिल है।