पटना (08 नवंबर 24)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दानापुर के नासरीगंज घाट से कंगन घाट तक पानी के जहाज से गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया और छठ व्रतियों एवं राज्यवासियों को छठ की शुभकामनाएं दीं। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अभिवादन हाथ उठाकर किया। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी सभी लोगों का अभिवादन हाथ उठाकर स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने आज के इस अवसर पर पूरे प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। छठ घाटों के भ्रमण से पहले 1 अणे मार्ग स्थित आवास में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने परिवार के निकट सदस्यों के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा राज्यवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के भ्रमण के क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजयकुमार सिन्हा, मंत्री बिजेन्द्रप्रसाद यादव, डॉ० दिलीपकुमार जायसवाल, विधान पार्षद ललन सर्राफ आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।