चित्रकूट (27 अक्टूबर 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चित्रकूट में अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान दीनदयाल शोध संस्थान के रामनाथ आश्रम शाला चित्रकूट में अध्ययनरत वनवासी छात्र-छात्राओं से स्नेहपूर्ण वातावरण में आत्मीयता संवाद किया। साथ ही विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किये गये लोकनृत्य एवं बुन्देलखण्डी दिवारी नृत्य का साथ आनंद लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्रों द्वारा प्रस्तुत किये गये दिवारी नृत्य में सहभागिता निभाते हुए बच्चों के साथ लाठी चलाने की कला का प्रदर्शन भी किया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सीमा यादव भी कार्यक्रम में उपस्थित थी। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत रत्न नानाजी देशमुख के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में 'वोकल फॉर लोकल' को प्रोत्साहन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर दीपावली के लिए (दीया-बाती, श्रंगार एवं अन्य) सामग्री तैयार कर बाजार में बेचने वाले व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाये। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत समूह गान, लोक नृत्य तथा बुन्देलखण्डी दिवारी नृत्य प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं से बेहद प्रसन्न होकर विद्यालय में अध्ययनरत सभी 180 छात्र-छात्राओं को दीपावली के उपलक्ष्य में एक-एक हजार रूपये तक का उपहार देने के लिए दीनदयाल शोध संस्थान की आश्रम शाला के प्रबंधन को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से कहा कि खाने में क्या पसंद है तो छात्र-छात्राओं ने कहा कि लड्डू-मिठाई पसंद है इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर अनुराग वर्मा को बुलाकर कहा कि रविवार को आश्रम शाला में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को लड्डू-मिठाई बंटवाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, महंत रामजी दास महाराज, डॉ. अमरजीत सिंह, प्रो. अभय महाजन, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, आईजी एमएस सिकरवार, कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण कमलेश्वर सिंह सहित आश्रम शाला की छात्र-छात्रायें, शिक्षक-शिक्षिकायें एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।