Wednesday, 07 Oct 2026

सीएम ने दिया लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का शगुन

राजगढ़ (07 अगस्त 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के अमिट रिश्ते का प्रतीक है, जो सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करता है। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि नारी गरिमा और सामाजिक सुरक्षा का भी संदेश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति की विशेषता है कि हर रिश्ता परिभाषित और पूज्यनीय होता है। उन्होंने द्रौपदी और श्रीकृष्ण की रक्षाबंधन कथा का उल्लेख करते हुए इसे भाई-बहन के रिश्ते की शक्ति का प्रतीक बताया, जहाँ श्रीकृष्ण ने जीवनभर द्रौपदी की रक्षा का संकल्प निभाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बहनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिये निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार को राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख 89 हजार लाड़ली बहनों के खातों में 1,859 करोड़ रुपए अंतरित किये। साथ ही उज्जवला योजना के अंतर्गत 28 लाख से अधिक बहनों को 43.90 करोड़ सहायता राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरण भी किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और कन्या-पूजन कर किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों को अगस्त में 250 रुपए के शगुन के साथ 1500 रुपए भेजे जा रहे हैं। दीपावली के बाद लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपए दिए जाएंगे। अगले तीन साल में 2028 तक 3000 रुपए बहनों के खाते में आएंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्प से स्वसहायता समूह की कई बहनें लखपति हो गई हैं। राज्य सरकार बहनों को रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने पर 6 हजार रुपए की सहायता देगी। भाईयों को भी 5 हजार की सहायता देंगे। बहनों के लिए कार्यस्थल पर हॉस्टल बना रहे हैं। बहनों को गौपालन योजना के अंतर्गत 35 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!