Tuesday, 29 Sep 2026

सीएम ने देखा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स

भोपाल (04 अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल के नाथू बरखेड़ा में विकसित हो रहा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी और सबसे महत्वाकांक्षी खेल अधोसंरचना विकास परियोजनाओं में से एक है। इससे मध्यप्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर की स्पर्धाएं होंगी, जिससे भोपाल खेलों के वैश्विक मानचित्र में अपनी नई पहचान कायम करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 985.76 करोड़ रुपये की लागत से 136.296 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा यह अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स परिसर मध्यप्रदेश को देश का स्पोर्ट्स हब बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (खेल परिसर) में निर्माणाधीन कार्यों का मुआयना किया। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, मध्यप्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, सचिव खेल संजीव सिंह, संचालक खेल अंशुमन यादव सहित अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी सिंथेटिक टर्फ़ का मुआयना किया। खेल मंत्री श्री सारंग ने बताया कि इस कॉम्पलेक्स में पहले चरण में मानकों का 5 हजार की क्षमता वाले पेवेलियन सहित हॉकी स्टेडियम एवं सिंथेटिक हॉकी टर्फ़ का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का मुआयना कर खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली। प्रदेश को स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए भोपाल स्थित नाथू बरखेड़ा में 136.296 एकड़ भूमि पर अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य 3 चरणों में किया जा रहा है। डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान परिसर में सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल द्वारा की जा रही सेना भर्ती (आर्मी रिक्रुटमेंट) के लिए आये आवेदकों से चर्चा की। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!