Wednesday, 18 Nov 2026

सीएम पहुंचे ओरछा किए रामराजा के दर्शन

ओरछा (07 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को छोटी दीपावली पर निवाड़ी जिले की धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में विश्व प्रसिद्ध श्रीरामराजा सरकार मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रीरामराजा सरकार के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की प्रार्थना की। डॉ. यादव ने कहा कि ओरछा का श्रीराम राजा मंदिर हम सभी के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। हमारी सरकार बनने के बाद श्रीरामराजा लोक के विकास एवं निर्माण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से ओरछा एक अद्भुत स्थल है। इसका अत्यंत ऐतिहासिक महत्व भी है, ओरछा आकर सबका मन यहीं का हो जाता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काशी में भगवान विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम धाम तथा उज्जैन में श्री महाकाल महालोक के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। मध्यप्रदेश में भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास का वातावरण बना है। ओरछा में भी इसी प्रकार की समृद्धि और विकास लाने के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है। डॉ. यादव ने श्रीराम राजा सरकार के दर्शन एवं पूजन के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीराम दिन में ओरछा में राजा के रूप में विराजमान रहते हैं। भगवान श्रीराम हम सभी के आराध्य हैं, और हम सब उन्हें श्रद्धा से नमन करते हैं। दीपावली के पावन पर्व से एक दिन पूर्व रूप चौदस के अवसर पर ओरछा आकर श्रीरामराजा सरकार के दर्शन एवं नमन करने का सौभाग्य मिला है। 

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, राज्यसभा सदस्य महेश केवट, विधायक निवाड़ी अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओरछा में हाथी साव सुपारी साव परिसर में लगाई गई विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर स्थानीय इतिहास, संस्कृति, पारंपरिक खाद्य उत्पादों, औषधीय फसलों एवं स्थानीय कला से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!