Wednesday, 30 Sep 2026

सीतामढ़ी में 882 करोड़ की लागत से बनेगा सीता मंदिर

सीतामढ़ी (08 अगस्त 25)। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद अब बिहार के सीतामढ़ी में माता सीता के भव्य मंदिर परिसर का निर्माण जल्द ही शुरू होने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 अगस्त शुक्रवार को सीतामढ़ी के पुनौराधाम में इस ऐतिहासिक परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यह मंदिर परिसर लगभग 67 एकड़ में फैला होगा और इसे मात्र 11 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अमित शाह 8 अगस्त को पहले पटना आएंगे, जहां से वे सीतामढ़ी के लिए रवाना होंगे। पुनौराधाम में भूमि पूजन के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राज्य सरकार के कई मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यह शिलान्यास समारोह संपन्न होगा। पुनौराधाम को हिंदू धर्म में माता सीता का जन्मस्थल माना जाता है और यह स्थल सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। अब इसे एक प्रमुख धार्मिक और वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना की निगरानी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा की जा रही है।

इस भव्य मंदिर परिसर के निर्माण पर कुल 882.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें से मंदिर संरचना पर 137.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो चुका है। भूमि अधिग्रहण का काम लगभग पूरा हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है। मंदिर परिसर में 151 फीट ऊंचा मुख्य मंदिर होगा। इसके साथ ही यज्ञ मंडप, संग्रहालय, ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, धर्मशाला, सीता वाटिका, लवकुश वाटिका, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, पार्किंग, परिक्रमा पथ और मार्ग प्रदर्शनी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी बनाई जाएंगी। इसके अलावा, पहले से मौजूद मां जानकी कुंड का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

पर्यटन विभाग ने इसे राष्ट्रीय स्तर का तीर्थ स्थल और पर्यटन केंद्र बनाने की योजना बनाई है। अधिकारियों के अनुसार, सभी निर्माण कार्य 42 सप्ताह यानी लगभग 11 महीने में पूरे कर लिए जाएंगे। इसका उद्घाटन अगले वर्ष सावन माह में किया जाना संभव है। बिहार सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में भी सुधार की उम्मीद है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!