अखनूर (14 जनवरी 25)। भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा विवाद गहराता जा रहा है। हाल ही में सीमा पर बाड़ लगाने के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। भारत-बांग्लादेश सीमा पर भारतीय नागरिकों द्वारा ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय श्रीराम’ जैसे नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बांग्लादेश ने भारत के सीमा पर बाड़ लगाने के कदम का कड़ा विरोध किया है। इसके चलते भारत ने बांग्लादेश के कार्यवाहक उच्चायुक्त मोहम्मद नुरुल इस्लाम को सोमवार को साउथ ब्लॉक तलब किया। यह कदम बांग्लादेश द्वारा ढाका में भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किए जाने के जवाब में उठाया गया। पिछले हफ्ते जब भारतीय सीमा सुरक्षा बल सीमा पर बाड़ लगाने का काम कर रहे थे, तो बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड और स्थानीय नागरिकों ने इसका विरोध किया। इस दौरान भारतीय नागरिक भी बड़ी संख्या में सीमा पर इकट्ठा हो गए और जोरदार नारेबाजी की। भारतीयों के ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल और गर्म हो गया। शेख हसीना के कार्यकाल के समाप्त होने और मोहम्मद यूनुस के अंतरिम सरकार के प्रमुख बनने के बाद भारत विरोधी गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। तस्करी और अवैध प्रवास की घटनाएं तेज हो गई हैं। बीएसएफ की कार्रवाई में पिछले साल एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया था।