न्यूयार्क (18 मार्च 25)। आखिर इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं और अंतरिक्ष में फंसे नासा के दो अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर ‘स्पेसएक्स' का यान धरती के लिए रवाना हो गया है। बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स ने ‘स्पेसएक्स' यान में सवार होकर अंतराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन को अलविदा कहा, जो पिछले वसंत से उनका घर था। यान तड़के ही ‘अनडॉक' (अंतरिक्ष स्टेशन से अलग) हो गया और अगर मौसम अनुकूल रहता है तो शाम तक इसके फ्लोरिडा के तट पर उतरने की संभावना है। विल्मोर और विलियम्स बोइंग के नए स्टारलाइनर कैप्सूल से पांच जून को केप कैनवेरल से रवाना हुए थे। दोनों एक सप्ताह के लिए ही गए थे लेकिन अंतरिक्ष यान से हीलियम के रिसाव और वेग में कमी के कारण वे लगभग नौ माह से अंतरिक्ष स्टेशन में फंसे हुए थे। रविवार को विल्मोर और विलियम्स के स्थान पर अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को तैनात करने के लिए ‘स्पेसएक्स' का यान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच गया था। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र से रवाना हुए अंतरिक्ष यात्रियों के नए दल में नासा से ऐनी मैक्लेन और निकोल एयर्स शामिल हैं।