सुकमा (30 अक्टूबर 24)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को आज एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी हैं, यहां सुक्षाबलों के द्वारा एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन चलाया जा रहा था जिसके दौरान 19 नक्सिलियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसमें से 3 प्रमुख नक्सली कमांडर भी शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 19 नक्सलियों में 3 कमांडरों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनकी पहचान इस प्रकार है- बारसे हड़मा, बारसे नागेश और हेमला जीतू। गिरफ्तारी की कार्रवाई भेज्जी और जगरगुंडा थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई। अधिकारियों ने बताया कि बीते दिनों जिला बल और CRPF की संयुक्त टीम को नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। इसके बाद, टीम ने भंडारपदर गांव के जंगलों में घेराबंदी कर 5 नक्सलियों को पकड़ा। एक अन्य घटना में, जगरगुंडा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने 14 और नक्सलियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई भी नक्सली गतिविधियों की सूचना पर की गई थी। गिरफ्तार नक्सलियों के पास से बारूद, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में यह पता चला कि वे सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए रास्ते में बारूदी सुरंग लगाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने सभी गिरफ्तार नक्सलियों को बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार स्पेशल ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इस तरह की कार्रवाई से नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की मुहिम को बल मिलता है, और यह स्थानीय लोगों के लिए भी सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण कदम है।