भोपाल (04 फरवरी 25)। परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह ने कहा है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों की फिटनेस चेकिंग नियमित रूप से हो। उन्होंने कहा कि परिवहन राजस्व में वृद्धि के ठोस प्रयास किये जायें। परिवहन मंत्री सिंह सोमवार को मंत्रालय में हुई बैठक में विभागीय गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में सचिव परिवहन मनीष सिंह और परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा भी मौजूद थे। परिवहन मंत्री सिंह ने विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्तियाँ करने और नई भर्तियों पर समय-सीमा में कार्य करने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में रजिस्टर्ड वाहनों की संख्या लगभग 2 करोड़ 34 लाख 44 हजार के करीब है। इनमें ट्रांसपोर्ट वाहनों की संख्या 11 लाख 42 हजार 500 से अधिक है। मंत्री सिंह ने निर्देश दिये कि 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया को सरल किया जाये। प्रदेश में पुराने वाहनों की स्क्रेपिंग फेसिलिटी के लिये 5 रजिस्टर्ड स्क्रेपिंग फेसिलिटी सेंटर काम कर रहे हैं। इनमें भोपाल जिले में तीन और इंदौर एवं ग्वालियर जिलों में एक-एक सेंटर क्रियाशील हैं। बैठक में बताया गया कि वाहनों से उत्सर्जित होने वाली गैसों से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोकने के लिये प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र प्राप्त करना अनिवार्य किया गया है। वाहन मालिकों को सुविधा दिये जाने के उद्देश्य से पारदर्शी रूप से वाहनों के उत्सर्जन मानकों की जाँच कर ऑनलाइन प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र जारी किये जाने का कार्य एक अगस्त, 2024 से शुरू कर दिया गया है।बैठक में इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट पर भी चर्चा की गयी।